भुसवल–हटवार मार्ग बदहाल, जगह-जगह गड्ढों में भरा बारिश का पानी

*भुसवल–हटवार मार्ग बदहाल, जगह-जगह गड्ढों में भरा बारिश का पानी* बांसगांव, संवाददाता। भुसवल से हटवार को जोड़ने वाले मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार सरसोपार गेट के बगल, न्यू एरा चिल्ड्रेन स्कूल के पास तथा अंबेडकर तिराहे से पहले सड़क की स्थिति विशेष रूप से खराब है। कई स्थानों पर सड़क पर कीचड़ और जलभराव होने से आवागमन मुश्किल हो गया है। यदि सामने से कोई बड़ी गाड़ी आ जाती है तो सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण साइड लेने में भी वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब है, लेकिन अब तक इसकी समुचित मरम्मत नहीं कराई गई है। बारिश के कारण सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से समस्या और गंभीर हो गई है। पैदल चलने वाले लोगों को भी कीचड़ और पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों में सुभाष चन्द्र, साहिल कपूर, सत्यप्रकाश, सुरेन्द्र, रमेश, साहब सिंह, गोरख सिंह, राजकुमार यादव, गोला यादव सहित अनेक लोगों ने संबंधित विभाग से भुसवल–हटवार मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराने तथा जलभराव की समस्या दूर करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो आवागमन की समस्या और बढ़ सकती है।