15 दिन बाद सीओ के आदेश पर 6 आरोपियों पर दर्ज हुआ

15 दिन बाद सीओ के आदेश पर 6 आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा। मदरिया । -------‐--‐---------- गोला थाना क्षेत्र के ग्राम पटौहाँ निवासी मीना पत्नी रामनाथ के द्वारा मारपीट को लेकर तहरीर देने के 15 दिन बाद क्षेत्राधिकारी के हस्तक्षेप के बाद 6 आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा। पीड़िता के अनुसार बीते 19 जनवरी की रात लगभग 8:30 बजे दो अज्ञात युवक दोपहिया वाहन से पीड़िता के घर के सामने आकर शराब पीने लगे। जब उसने घर के सामने शराब पीने से मना किया तो दोनों युवकों ने मोबाइल फोन से अपने चार अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इनमें से एक की पहचान गोलू यादव पुत्र रणजीत यादव निवासी ग्राम कोहरा, थाना गोला के रूप में हुई। आरोप है कि सभी आरोपियों ने मिलकर पीड़िता, उसके पति रामनाथ तथा उनकी तीन बेटियों के साथ जातिसूचक गालियां दीं और लात-घूंसे से बेरहमी से मारपीट की। मारपीट में उसका हाथ टूट गया। इसके साथ ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसके पति ने थाना गोला में लिखित शिकायत दी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई सुनवाई नहीं की गई। करीब 15 दिनों तक पीड़िता और उसका परिवार थाने के चक्कर लगाता रहा, परंतु मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। --------- पीड़िता ने क्षेत्राधिकार से की शिकायत.... पीड़िता ने बीते मंगलवार को क्षेत्राधिकारी गोला को प्रार्थना पत्र सौंपा। सीओ गोला ने थाना गोला को तत्काल मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश दिया। ------------- 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज.... सीओ के आदेश पर थाना गोला में एक नामजद और पांच अज्ञात समेत कुल छह आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं 115(2), 117(2), 191(2), 351(3), 352 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम की धाराओं 3(1)(द), 3(1)(घ) और 3(2)(va) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ के हस्तक्षेप के बाद हुई कार्रवाई ने स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि इतनी गंभीर घटना में पीड़िता को पहले ही दिन न्याय क्यों नहीं मिला।