Bansgaon Sandesh
Login
B
Gorakhpur२४ दिन पहले

एसआईआर में गलतियों के लिए मतदाताओं को मिली नोटिस पर उमड़ रही

एसआईआर में गलतियों के लिए मतदाताओं को मिली नोटिस पर उमड़ रही

एसआईआर में गलतियों के लिए मतदाताओं को मिली नोटिस पर उमड़ रही भीड़ खजनी तहसील और ब्लॉक सभागार तथा उनवल नगर पंचायत कार्यालय में एसआईआर फॉर्म की त्रुटियों के संशोधन के लिए बड़ी संख्या में मतदाताओं की भीड़ उमड़ रही है। नाम, पता सहित अन्य विवरणों में हुई गलतियों के कारण नोटिस मिलने से मतदाता सूची से नाम कटने की आशंका में लोग खासे चिंतित नजर आ रहे हैं। तहसील प्रशासन की ओर से विभिन्न गांवों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, जहां नायब तहसीलदार अशोक कुमार, तहसीलदार ध्रुवेश कुमार सिंह, बीडीओ रमेश शुक्ला तथा सहजनवा क्षेत्र से आए नायब तहसीलदार राम सूरज द्वारा लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। नोटिस मिलने के बाद मतदाताओं में मानसिक तनाव देखा जा रहा है, हालांकि प्रशासन द्वारा आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय पहुंचने की अपील की गई है। बीते सप्ताह से ही एसआईआर फॉर्म में हुई त्रुटियों के संशोधन को लेकर तहसील और ब्लॉक कार्यालयों में भारी भीड़ बनी हुई है। फार्म में नाम, पता एवं अन्य विवरणों की गलती के चलते नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता सुबह से ही कार्यालयों में पहुंचकर अपने नाम कटने की आशंका और नोटिस के जवाब को लेकर परेशान नजर आए। काउंटरों पर दिनभर लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे गहमागहमी का माहौल बना रहा। मतदाता अपने दस्तावेजों के साथ अधिकारियों से समस्या समाधान की गुहार लगाते दिखाई दिए। कई मामलों में त्रुटियों को मौके पर ही दुरुस्त कर दिया गया, जबकि कुछ मामलों में अतिरिक्त दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों की लापरवाही हो या प्रशासनिक स्तर पर हुई चूक, इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इस दौरान बूथ संख्या 80, 81, 82 हरदीचक, बेलूडीहां, बूथ संख्या 126, 127, 128 बहुरीपार, बूथ संख्या 48, 49, 50, 51, 52 बेसहनी, भवानीगढ़, असिलाभार, बूथ संख्या 10, 13, 15 भदरखी, मिंया पकड़ी, रानीडीह, भाग संख्या 198 भिटहां, भाग संख्या 222 हरिहरपुर सहित दर्जनों गांवों के बूथों के मतदाताओं की समस्याओं का समाधान किया गया। इस संबंध में निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम खजनी राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि सभी मतदाताओं की समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है और उन्हें उपलब्ध सभी विकल्पों की जानकारी दी जा रही है।

1500 likes
0 comments1 shares