ऑटो में छूटा नकदी और जेवरात से भरा बैग पुलिस ने खोजकर लौटाया: सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऑटो की पहचान कर बैग बरामद किया, सामान मिलान के बाद आवेदक को सौंपा
गोरखपुर। ऑटो में सफर के दौरान छूटे नकदी, कीमती सामान और आभूषण से भरे बैग को एम्स थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर उसके मालिक को वापस सौंप दिया। अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर आवेदक ने गोरखपुर पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिसकर्मियों के प्रति आभार जताया। जानकारी के अनुसार, बुधवार 25 नवंबर को एक व्यक्ति एम्स थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसका बैग ऑटो में छूट गया है। बैग में नकदी के साथ अन्य कीमती सामान और आभूषण रखे हुए थे। ऑटो से उतरने के बाद जब उसे बैग छूटने की जानकारी हुई तो उसने काफी तलाश की, लेकिन बैग का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उसने एम्स थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एम्स थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। उपनिरीक्षक नवल किशोर ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कैमरों की मदद से संबंधित ऑटो की पहचान की गई और तलाश करते हुए बैग को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद बैग में रखे सामान का मिलान आवेदक से कराया गया और पूरी संतुष्टि के बाद बैग उसे सुपुर्द कर दिया गया। खोया हुआ बैग और उसमें रखा कीमती सामान वापस मिलने पर आवेदक के चेहरे पर खुशी लौट आई। उसने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए गोरखपुर पुलिस को धन्यवाद दिया। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष महेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक नवल किशोर, कांस्टेबल विशाल यादव और कांस्टेबल अभय यादव शामिल रहे। पुलिस की इस तत्परता से एक व्यक्ति को उसका कीमती सामान वापस मिल सका।