सरयू का जलस्तर बढ़ने से घाट डूबे, तटवर्ती गांवों में घुसा पानी।

सरयू का जलस्तर बढ़ने से घाट डूबे, तटवर्ती गांवों में घुसा पानी। मदरिया । ---------- रामजानकी मार्ग की पुलिया के रास्ते आसपास के गांवों में पहुंच रहा पानी, प्रशासन अलर्ट.... सरयू नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण गोला क्षेत्र के सभी प्रमुख घाट डूब गए हैं। तटवर्ती इलाकों के कई गांवों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। नगर पंचायत के बिसरा क्षेत्र से होते हुए अतरौरा, भवनियापुर समेत आसपास के गांवों में पानी तेजी से फैल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, रामजानकी मार्ग पर बनी पुलिया के रास्ते पानी मार्ग के उत्तर दिशा स्थित गांवों की ओर बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन के निर्देश पर सरयू नदी में नावों के संचालन पर 28 सितंबर से रोक लगा दी गई है। इसके बावजूद बिसरा घाट पर नाविकों द्वारा नावों का संचालन किए जाने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने बताया कि परनई उर्फ अर्जुनपुरा में नदी का जलस्तर बढ़ने से कटान की स्थिति बन रही है। मार्ग पर भी पानी पहुंच गया है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि नवऊ बाबा की कुटी के आसपास जलस्तर कम होने के बाद कटान की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। सिंचाई विभाग की टीम ने किया निरीक्षण.... नगर पंचायत गोला बाजार के वार्ड नंबर 18 में सरयू नदी से प्रभावित बिसरा-गोला मार्ग, डिहवा घाट, बरदेसिया घाट, सतनामी घाट, हनुमानगढ़ी घाट, बाबा घाट समेत सभी पक्के घाटों का सिंचाई विभाग के जेई सत्यप्रकाश और उनकी टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। जेई सत्यप्रकाश ने बताया कि सरयू नदी के ऊपरी क्षेत्रों, अयोध्या समेत अन्य स्थानों पर जलस्तर में कमी दर्ज की जा रही है। इसका असर गोला क्षेत्र में भी जल्द दिखाई देने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि रात तक गोला क्षेत्र में भी जलस्तर कम होने की संभावना है। फिलहाल बारिश भी कम हो गई है। विभाग की टीम नदी के जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।