Bansgaon Sandesh
Login
B
Gorakhpur३ दिन पहले

युवा शक्ति के संकल्प से बनेगा नशामुक्त समाज — उमेश दूबे बेलघाट

युवा शक्ति के संकल्प से बनेगा नशामुक्त समाज — उमेश दूबे बेलघाट

युवा शक्ति के संकल्प से बनेगा नशामुक्त समाज — उमेश दूबे बेलघाट बांसगांव संदेश गोरखपुर। पण्डित हरिसहाय पी.जी. कॉलेज, जैती-बेलघाट में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन नशामुक्ति विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे की बुराइयों के प्रति जागरूक करना तथा एक स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पण्डित हरिसहाय शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान, जैती-बेलघाट, गोरखपुर के प्राचार्य उमेश दूबे ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन को धीरे-धीरे बर्बादी की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होता है, आर्थिक स्थिति कमजोर होती है और परिवार में तनाव व कलह का वातावरण बन जाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सेवा जैसे सकारात्मक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाएं। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग दृढ़ संकल्प कर ले, तो समाज से नशे जैसी बुराई को समाप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. कमला कान्त मिश्र ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन पर गहरा प्रभाव डालता है। नशे की लत धीरे-धीरे व्यक्ति की कार्यक्षमता को समाप्त कर देती है और उसे समाज से अलग-थलग कर देती है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। अन्य वक्ताओं ने भी नशामुक्त समाज की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि नशा समाज की प्रगति में एक बड़ी बाधा है। यदि समाज को स्वस्थ और समृद्ध बनाना है तो नशे जैसी बुराइयों को जड़ से समाप्त करना होगा। इसके लिए परिवार, विद्यालय और समाज को मिलकर प्रयास करना आवश्यक है, ताकि नई पीढ़ी को नशे की लत से बचाया जा सके। इस अवसर पर उमेश शुक्ला, इकबाल अहमद, हरिश्चंद्र सिंह, सुचीन्द्र कुमार, संतोष मिश्र, संतोष श्रीवास्तव और दिनेश शुक्ल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अपने विचारों के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता अभियान को और तेज करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में एनएसएस के स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वयंसेवक निखिल मिश्र, आकाश, संयोगिता और नरगिस सहित अन्य प्रतिभागियों ने समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वे अपने आसपास के लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे और जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेविका कामिनी शुक्ला ने किया।

0 likes
0 comments0 shares