तहसील दिवस में दो घंटे देरी से शुरू हुई सुनवाई, 27 फरियादियों

तहसील दिवस में दो घंटे देरी से शुरू हुई सुनवाई, 27 फरियादियों में तीन मामलों का निस्तारण। मदरिया । ---------------------- स्वतंत्रता दिवस शनिवार को होने के कारण सोमवार को तहसील दिवस का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री के साथ कोटेदारों के संवाद कार्यक्रम के चलते तहसील दिवस करीब दो घंटे देरी से शुरू हुआ। सुनवाई का इंतजार कर रहे कई फरियादी वापस लौट गए। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई सुनवाई दो बजे समाप्त हो गई। इस दौरान महज 27 फरियादियों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें केवल तीन मामलों का मौके पर निस्तारण हो सका। उपजिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, सिंचाई सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामले पहुंचे। फरियादियों की संख्या कम होने के बावजूद तहसील दिवस के दौरान विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति भी चर्चा का विषय रही। कार्यक्रम शुरू होने के कुछ ही देर बाद विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एक-एक कर तहसील दिवस से चले गए। दोपहर एक बजे के बाद कई विभागों की कुर्सियां खाली नजर आईं। थाना बड़हलगंज निवासी बाबूलाल ने अपने हिस्से में हुए अवैध निर्माण को हटवाने की मांग की। नगर पंचायत गोला के वार्ड नंबर 12 निवासी पद्माकर यादव, दिलीप गुप्ता, दधिवल गुप्ता व तेज प्रताप यादव ने घर तक जाने वाले एकमात्र जर्जर रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग की। ग्राम बभनौली निवासी ओमप्रकाश पांडेय ने पोखरे को अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार लगाई। ग्राम अवरूस निवासी पारसनाथ गौड़ ने रेलवे निर्माण में जा रही भूमि के अंश का निर्धारण कराने, ग्राम सुअरज निवासी राजकुमार गौड़ ने भूमि पर निर्माण कार्य को दूसरे व्यक्ति द्वारा रोके जाने की शिकायत की। उज्जरपार निवासी श्याम मोहन शाही ने जर्जर नलकूप, नाली और खराब हाईमास्ट लाइट को ठीक कराने की मांग की। वहीं परसिया निस्फी राजा निवासी राधेश्याम विश्वकर्मा ने कच्चे मार्ग को पक्का कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार सत्येंद्र मौर्य, क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार, नायब तहसीलदार बालचंद चौहान, जयप्रकाश व थाना प्रभारी सीपी पांडेय सहित एसडीओ रमेश कुशवाहा, प्रतीक कुमार राय, कृष्ण कुमार यादव, अरुणाकर सिंह, केएम उपाध्याय, रविंद्र गौड़, उदय शंकर राय, राजस्व निरीक्षक रमेश पांडेय, पृथ्वीनाथ गुप्ता, अरविंद कुमार, राजेश सिंह आदि मौजूद रहे।