संभावित बाढ़ को लेकर डीएम ने किया तटबंधों का निरीक्षण, दो

संभावित बाढ़ को लेकर डीएम ने किया तटबंधों का निरीक्षण, दो दिन में कार्य पूरा करने के निर्देश बांसगांव संदेश रुद्रपुर देवरिया। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के बाढ़ तटबंधों एवं कटानरोधी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने, बाढ़रोधी सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा तटबंधों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत पिड़रा पुल से हुई, जहां जिलाधिकारी ने बाढ़ विभाग द्वारा स्थापित जलस्तर गेज और बाढ़ चौकी का जायजा लिया। उन्होंने रिजर्व स्टाफ की तैनाती तथा स्टोर में उपलब्ध जियो बैग, गेबियन नायलॉन क्रेट समेत अन्य बाढ़रोधी सामग्री की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। इसके बाद डीएम ने पचलड़ी तटबंध स्थित बेलवा गांव में 2.64 करोड़ रुपये की लागत से बन रही कटानरोधी परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और केवल फिनिशिंग कार्य शेष है। इस पर अधिशासी अभियंता को दो दिनों के भीतर शेष कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने पलिया छपरा तटबंध के नारायणपुर गांव के पास 4.53 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन कटानरोधी परियोजना का भी निरीक्षण किया। यहां भी कार्य लगभग पूर्ण पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने शीघ्र फिनिशिंग कर परियोजना पूरी करने को कहा। जिलाधिकारी ने बाढ़ विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को संभावित बाढ़ के मद्देनजर तटबंधों पर सतत निगरानी रखने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता राधेश्याम प्रसाद, सहायक अभियंता संजय कुमार सिंह, जूनियर इंजीनियर अरविंद कुमार, विवेक रोनियार, विकास पाठक, तहसीलदार रुद्रपुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।