Bansgaon Sandesh
Login

जल निगम, समाज कल्याण एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी

जल निगम, समाज कल्याण एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी

जल निगम, समाज कल्याण एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जल निगम, समाज कल्याण एवं संबंधित विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं के लिए भूमि की आवश्यकता है, उनके लिए प्रभावी पहल करते हुए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर भूमि उपलब्ध हो चुकी है, वहां संबंधित भूमि की खतौनी जल निगम के नाम दर्ज कराने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराई जाए। बैठक में जल निगम के अभियंता द्वारा बताया गया कि 16 स्थानों पर भूमि उपलब्ध हो चुकी है, जबकि 14 स्थानों पर भूमि उपलब्ध कराया जाना शेष है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए शेष स्थानों पर भी भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण विभाग से संबंधित छात्रवृत्ति के कार्यों को 15 अगस्त तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को आश्रम पद्धति विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की नियमित एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वीकृत नामांकन के सापेक्ष यदि छात्र विद्यालय में उपस्थित नहीं पाए जाते हैं तो इसके लिए संबंधित प्रधानाचार्य एवं समाज कल्याण अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित प्रधानाचार्य का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता संबंधित खंड विकास अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए सुनिश्चित कराई जाए, ताकि विभागीय कार्यों का प्रभावी संचालन हो सके। बैठक में नलकूप एवं सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंताओं की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि अगली बैठक में प्रत्येक दशा में अधिशासी अभियंता स्वयं उपस्थित रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक में अनुपस्थित रहने अथवा निर्देशों की अवहेलना करने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक डीआईओएस हरिश्चंद्र नाथ, बीएसए रामजियावन मौर्या, डीपीओ आदिश मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर कुमार पाण्डेय, जल निगम ग्रामीण अभियंता अखिल कुमार आदि उपस्थित रहे।

0 likes
0 comments0 shares