Bansgaon Sandesh
Login

कौशल समिति की बैठक, जिलाधिकारी ने युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार से

कौशल समिति की बैठक, जिलाधिकारी ने युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के दिए सख्त निर्देश सुलतानपुर-जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में जिला कौशल समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य फोकस जनपद के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण, व्यावसायिक परामर्श और रोजगार से जोड़ना रहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, उपायुक्त जिला उद्योग, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, जिला कौशल प्रबन्धक, जिला कार्यक्रम प्रबन्धक के साथ सभी प्रशिक्षण प्रदाता, पीआईए, राजकीय आईटीआई और कौशल विकास मिशन के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने बैठक में उ०प्र० कौशल विकास मिशन, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना, प्रोजेक्ट प्रवीण, आईटीआई की अप्रेन्टिसशिप व इंटर्नशिप योजना और पीएम सोलर योजना की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रशिक्षण प्रदाताओं से उनके केंद्रों और संचालित कोर्सों की विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने और शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत विद्यालयों में चल रहे प्रशिक्षण केंद्रों का समय-समय पर निरीक्षण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि जनपद के युवाओं को स्किल्ड कर उन्हें विभिन्न कंपनियों में सेवायोजित कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस कार्य में जिला कौशल समिति के सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। युवाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के लिए सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करें, ताकि उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।

0 likes
0 comments0 shares