Bansgaon Sandesh
Login
Pradhan Pravasi
Gorakhpur१ दिन पहले

गीडा की CBC फैक्ट्री में मजदूरों का विस्फोट: 2 महीने से वेतन

गीडा की CBC फैक्ट्री में मजदूरों का विस्फोट: 2 महीने से वेतन

गीडा की CBC फैक्ट्री में मजदूरों का विस्फोट: 2 महीने से वेतन बंद, गाली-गलौज के आरोप में गेट पर धरना गोरखपुर सहजनवा गोरखपुर जिले के गीडा सेक्टर-26 स्थित CBC कंपनी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कैरेट मजदूरों का गुस्सा अचानक फूट पड़ा और दर्जनों श्रमिक फैक्ट्री गेट पर धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए। मजदूरों ने दो महीने से रुकी सैलरी, शोषण, गाली-गलौज और धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। धरने पर बैठे श्रमिकों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से फैक्ट्री में लगातार कार्य कर रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें न तो स्थायी सुविधा मिली और न ही सम्मानजनक व्यवहार। सभी मजदूर वेंडर के माध्यम से काम करते हैं और उन्हें मात्र ₹11,000 मासिक वेतन दिया जाता है, जिसमें भी कटौती कर ली जाती है। मजदूरों का कहना है कि उनसे प्रतिदिन 9 से 10 घंटे तक लगातार काम कराया जाता है, लेकिन इसके बावजूद समय से वेतन नहीं दिया जाता। पिछले लगभग दो महीनों से सैलरी रुकी हुई है, जिससे उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपनी रुकी हुई सैलरी की मांग की, तो वेंडर ने न सिर्फ अभद्र भाषा का प्रयोग किया बल्कि मां-बहन की भद्दी गालियां देते हुए धमकियां भी दीं। इस घटना के बाद मजदूरों का आक्रोश भड़क उठा और सभी ने एकजुट होकर फैक्ट्री गेट पर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने मजदूरों को समझाया और आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा तथा बकाया वेतन दिलाने के लिए संबंधित पक्ष से वार्ता की जाएगी। वहीं, मीशो कंपनी से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि भुगतान को लेकर उच्च स्तर पर बातचीत चल रही है। प्रक्रिया जारी है और अगले दो से तीन दिनों के भीतर मजदूरों का भुगतान क्लियर कर दिया जाएगा। फिलहाल फैक्ट्री गेट पर मजदूरों का प्रदर्शन जारी है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो यह आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

100 likes
0 comments0 shares