देवरिया: आईटीआई छात्रों के प्लेसमेंट में लापरवाही पर डीएम सख्त, प्रधानाचार्य का

देवरिया: आईटीआई छात्रों के प्लेसमेंट में लापरवाही पर डीएम सख्त, प्रधानाचार्य का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश बांसगांव संदेश रुद्रपुर देवरिया। आईटीआई छात्रों को रोजगार उपलब्ध कराने में लापरवाही पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को आईटीआई एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में रोजगार मेले आयोजित न करने और छात्रों का प्लेसमेंट सुनिश्चित न होने पर राजकीय आईटीआई सलेमपुर के प्रधानाचार्य का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी आईटीआई प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ट्रेड में कम से कम 60 प्रतिशत छात्रों का प्लेसमेंट हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्य पूरा होने के बाद ही संबंधित प्रधानाचार्यों का वेतन जारी किया जाएगा। बैठक में डीएम ने 11 अगस्त को जिले में वृहद रोजगार मेले के आयोजन के निर्देश देते हुए कहा कि इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा अधिक से अधिक निजी कंपनियों को आमंत्रित कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने आईटीआई प्रधानाचार्यों को उद्योग बंधु की बैठकों में नियमित भागीदारी, आईटीआई उत्तीर्ण छात्रों की विभिन्न संस्थानों में अप्रेंटिसशिप सुनिश्चित कराने तथा उन्हें अभ्युदय कोचिंग के यूट्यूब लाइव कार्यक्रमों से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही सेवायोजन विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक युवाओं को रोजगार दिलाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के प्रत्येक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में प्लेसमेंट सेल का गठन किया जाएगा। इसके अलावा तीन सदस्यीय समिति भी बनाई जाएगी, जो छात्रों को रोजगार मेलों और साक्षात्कार की तैयारी कराकर उन्हें रोजगार योग्य बनाने का कार्य करेगी।