*बेलघाट मोड़ पर तेज रफ्तार पिकअप का कहर, बाइक सवार दो युवक

*बेलघाट मोड़ पर तेज रफ्तार पिकअप का कहर, बाइक सवार दो युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहे* संवाद सूत्र, सिकरीगंज। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के बेलघाट मोड़ पर रविवार देर रात तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे जा गिरे। वहीं अनियंत्रित पिकअप डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार बेलघाट क्षेत्र निवासी अर्जुन मौर्य पुत्र रामाश्रय (24 वर्ष) तथा प्रियांशु शाही पुत्र विजय कुमार शाही (25 वर्ष) गोरखपुर से अपने घर वापस लौट रहे थे। रविवार रात करीब 11 बजे जैसे ही उनकी बाइक सिकरीगंज थाना क्षेत्र के बेलघाट मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक कई फीट ऊपर उछलकर दूर जा गिरे और बाइक सड़क पर घिसटती चली गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को संभाला और 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा भेजवाया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दोनों की हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अर्जुन मौर्य की हालत ज्यादा नाजुक होने के कारण उन्हें बाद में मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं प्रियांशु शाही का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। दोनों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर सिकरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बाइक तथा पलटी पिकअप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। वाहन के नंबर के आधार पर चालक और मालिक की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।