ओबीसी पार्टी ने रेलवे ओवरब्रिज और राप्ती नदी प्रदूषण को लेकर सौंपा ज्ञापन

चौरी चौरा गोरखपुर। वन भारत सिटीजन पार्टी (ओबीसी पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष काली शंकर यदुवंशी ने गुरुवार को चौरी-चौरा क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। काली शंकर यदुवंशी ने सबसे पहले सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक ए.के. सिंह को ज्ञापन देकर 147-B चौरी-चौरा रेलवे ओवर ब्रिज को बजट और पूर्व में पास नक्से के अनुरूप वाई मॉडल के रूप में विकसित करने की मांग करते हुए कहा कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर शासन द्वारा 'Y' मॉडल के स्वरूप की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई, तो क्षेत्र की जनता के हितों के लिए एक बड़ा जन आंदोलन छेड़ा जाएगा। राप्ती नदी में बढ़ते औद्योगिक प्रदूषण को लेकर भी काली शंकर यदुवंशी ने कड़ा रुख अपनाया और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी आषुतोष चौहान को ज्ञापन सौंपकर नदी के जल की तत्काल जांच और प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों को सील करने की मांग की। क्षेत्रीय अधिकारी ने इस विषय पर आश्वासन दिया कि 30 अप्रैल तक नमूनों की जांच पूर्ण कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।