चकबंदी कार्यों में निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि पर डीएम ने जताया
चकबंदी कार्यों में निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि पर डीएम ने जताया संतोष। चकबंदी कार्यों में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ तेजी लाने के निर्देश। देवरिया 06 अक्टूबर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने चकबंदी विभाग से जुड़े अधिकारियों को अपने विभागीय कार्यों को पूरी तन्मयता व तत्परता से सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि चकबंदी का कार्य अत्यंत ही महत्वपूर्ण व भूमिस्वामियों से जुड़ा हुआ होता है। इसलिए इसमें पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता अपनाते हुए अपने कार्य दायित्वों का निर्वहन किया जाए। जिलाधिकारी ने चकबंदी कार्य की प्रगति समीक्षा कलेक्ट्रेट सभागार में किए जाने के दौरान उक्त आशय के निर्देश दिए। साथ ही पाया गया कि चल रहे चकबंदी कार्य की अधिकांश धाराओं में निर्धारित लक्ष्य से अधिक की पूर्ति इस विभाग से की जा चुकी है। प्राप्त उपलब्धि के विवरण के क्रम में बताया गया कि धारा 52 के निर्धारित 5 क के तहत 06 गांवों, कुल क्षेत्रफल 2244 हेक्टेयर तथा 7002 गाटा के सापेक्ष कुल 08 गांवों, क्षेत्रफल 3097 हेक्टेयर तथा 9067 गाटा में धारा 52 के तहत चकबंदी कार्य को पूर्ण कर लिया गया है, जो निर्धारित वार्षिक लक्ष्य गाटा से 2065 गाटा अधिक है। इसी प्रकार धारा 24 के निर्धारित वार्षिक लक्ष्य 13 गांव, क्षेत्रफल 2287 हेक्टेयर, गाटा 10416 के सापेक्ष 14 गांवों में क्षेत्रफल 2454 हेक्टेयर, गाटा 11163 में धारा 24 की कार्यवाही चकबंदी के तहत पूर्ण की गई है, जो निर्धारित लक्ष्य से काफी अधिक है। इसी प्रकार धारा 23 के निर्धारित लक्ष्य ग्राम 03, क्षेत्रफल 863 हेक्टेयर, गाटा 2171 के वार्षिक लक्ष्य के विपरीत 03 गांवों में 890 हेक्टेयर क्षेत्रफल, गाटा 2389 में इस धारा की कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। इस धारा में भी निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अधिक की पूर्ति की गई है। धारा 20 के अंतर्गत निर्धारित गाटा 4779 के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष 5247 गाटा में इस धारा की कार्यवाही संपादित की गई है। इसी प्रकार धारा 10 के अंतर्गत निर्धारित गांव 05, क्षेत्रफल 1601 हेक्टेयर, गाटा 8120 की भी शत-प्रतिशत पूर्ति आलोच्य माह सितंबर में ही कर ली गई है। जिलाधिकारी ने उपलब्धि पर संतोष जताते हुए बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी पवन कुमार पाण्डेय को आगे भी इसी सक्रियता से कार्य किए जाने तथा अर्जित उपलब्धियों को बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। आयोजित बैठक में एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त पंकज प्रसाद राठौर, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी सहित अन्य अधिकारीगण आदि मौजूद रहे।