*विद्यालय चलो अभियान की भव्य रैली ने शिक्षा के प्रति जगाई नई

*विद्यालय चलो अभियान की भव्य रैली ने शिक्षा के प्रति जगाई नई अलख* गगहा क्षेत्र के समयथान भीटी संकुल अंतर्गत स्थित पीएमश्री विद्यालय सेमरी में आज विद्यालय चलो अभियान के अंतर्गत एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्री सदन तिवारी जी के संरक्षण, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, ब्लॉक इकाई गगहा के अध्यक्ष एवं जिला प्रचार मंत्री डॉ. सुमन्त सिंह जी के नेतृत्व तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी गगहा डॉ. प्रदीप शर्मा जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्री सदन तिवारी जी ने कहा कि "शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। डॉ. सुमन्त सिंह जी ने अपने संबोधन में कहा कि "विद्यालय चलो अभियान केवल नामांकन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। शिक्षक, अभिभावक और समाज जब मिलकर कार्य करते हैं, तभी शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य पूर्ण होता है।" खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रदीप शर्मा जी ने कहा कि "पीएमश्री विद्यालय सेमरी द्वारा आयोजित यह अभियान पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है। शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे। सभी अभिभावक अपने बच्चों का नामांकन कराकर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।" कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में सहायक अध्यापक रामसिंह, गुलाब, अशोक कुमार चौहान, प्रिन्स, ओंकारनाथ तिवारी, राजेश कुमार का प्रमुख योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा हर बच्चे के विद्यालय से जुड़ने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।