सेवा संकल्प अभियान के शिविर का हुआ समापन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित

घघसरा गोरखपुर। बांसगांव संदेश। पाली ब्लॉक परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा शिविर का रविवार को समापन हुआ। ब्लॉक प्रमुख शशि प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। समापन समारोह की मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष गीतांजलि श्रीवास्तव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण के कार्यों के रूप में मनाना कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही अभियान की सार्थकता है। ब्लॉक प्रमुख शशि प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। सेवा शिविर के माध्यम से लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने का प्रयास किया गया। इस दौरान शिविर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मुख्य अतिथि गीतांजलि श्रीवास्तव और ब्लॉक प्रमुख शशि प्रताप सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में एडीओ पंचायत धर्मेंद्र कुमार, एडीओ एजी ध्रुव कुशवाहा, एडीओ समाज कल्याण गौरव चौधरी, सचिव अरविंद कुमार, राघवेंद्र प्रताप सिंह, विजय मौर्य, धर्मपाल यादव, अश्वनी सिंह, मनोज राज समेत अन्य मौजूद रहे।