Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Kant Singh Hamirpur
Hamirpur२९ दिन पहले

बसंत पंचमी पर गूंजे कवियों के स्वर, साहित्य-संस्कृति का हुआ भव्य उत्सव

बसंत पंचमी पर गूंजे कवियों के स्वर, साहित्य-संस्कृति का हुआ भव्य उत्सव

सुमेरपुर, हमीरपुर। वसंत पंचमी के पावन अवसर पर साहित्य, संगीत और कला को समर्पित संस्था कलार्पण, जनपद हमीरपुर के तत्वावधान में लालू सिंह पब्लिक स्कूल, सुमेरपुर में भव्य कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह साहित्यिक आयोजन माँ सरस्वती के पूजन, महाकवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की जयंती तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य में हवन-पूजन के उपरांत सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में साहित्यप्रेमियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कवि गोष्ठी की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष शिवकरण सिंह ने की, जबकि मंच संचालन संस्था के मंत्री कैलाश प्रसाद सोनी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश प्रमुख रेवती कुमार पाठक रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश सचिव देवनारायण सोनी एवं हास्यकवि दिनेश कुमार दुबे मंचासीन रहे। कवि गोष्ठी का शुभारंभ हरीराम गुप्त ‘निरपेक्ष’ द्वारा माँ सरस्वती की वंदना से हुआ। उन्होंने ऋतुराज बसंत का स्वागत करती हुई मनोहारी पंक्तियाँ प्रस्तुत कीं। कवि राजेंद्र प्रेमी ने महाकवि निराला को नमन करते हुए बसंत के सौंदर्य पर काव्य पाठ किया। भौली से पधारे कवि कमलेश सिंह गौर, शायर वीरेंद्र पाल ‘शजर’, उपाध्यक्ष नीतिराज सिंह तथा वरिष्ठ कवि मुन्नीलाल अवस्थी ने प्रकृति, बसंत और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित रचनाएँ प्रस्तुत कर श्रोताओं की सराहना बटोरी। अध्यक्ष शिवकरण सिंह ‘सरस’ ने मधुर गीत प्रस्तुत कर वातावरण को सरस बना दिया। इसके अतिरिक्त प्रांतीय मंत्री आचार्य देवनारायण सोनी, कवि अवधेश कुमार साहू ‘बेचैन’, हास्यकवि दिनेश दुबे, शायर मुहम्मद सलीम, कवि हरी प्रकाश कुशवाहा एवं कैलाश प्रसाद सोनी ने भी अपने काव्य पाठ से गोष्ठी को ऊँचाई प्रदान की। कार्यक्रम के समापन पर संयोजक हरीराम गुप्त ‘निरपेक्ष’ ने सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थित श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला अपराध निरोधक समिति हमीरपुर के पदाधिकारी, बार एसोसिएशन के सदस्य, विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

2000 likes
0 comments0 shares