चौरीचौरा के मनीष प्रदेश सेवा रत्न अवार्ड से होंगे सम्मानित

चौरी चौरा।परमात्मा सेवा कल्याण ट्रस्ट के संस्थापक चौरी चौरा के मनीष वर्मा को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए प्रदेश सेवा रत्न 2026 अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। संकल्प मानव सेवा संस्थान द्वारा आगामी 22 मार्च को आगरा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के भव्य कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। गोरखपुर जिले से मनीष वर्मा का चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया गया है। मनीष पिछले करीब 16 वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। वे घायल पशु-पक्षियों को बचाने और उनका उपचार कराने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी काम कर रहे हैं। विलुप्त होती गौरैया को बचाने के लिए भी उन्होंने कई जागरूकता अभियान चलाए हैं। इसके अलावा मनीष समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भी उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक भोजन और पानी पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया था। प्रदेश सेवा रत्न अवार्ड के लिए उनका नाम चयनित होने पर क्षेत्र के रश्मि फुलेकर, रुचि, संजय पाण्डेय, नीरज पाण्डेय, बंटी मोदनवाल, अंशु, घनश्याम, राघवेंद्र, श्रीराम, संतोष और राजू सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी है।