मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना से किसानों को मिलेगा 06 लाख रुपये तक

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना से किसानों को मिलेगा 06 लाख रुपये तक का ऋण भारत टैक्सी सेवा भी शुरू, चालकों के आर्थिक सशक्तीकरण और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा देवरिया, 23 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकासखंड बैतालपुर के सभागार में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, सहकारिता विभाग के अधिकारियों, कृषकों एवं सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड (एलडीबी) के माध्यम से लघु एवं सीमांत किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण तथा कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया रहे, जबकि अध्यक्षता देवरिया-कसया जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, देवरिया के सभापति राघवेंद्र प्रताप सिंह ने की। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की जनपद देवरिया स्थित रुद्रपुर, सलेमपुर एवं सदर शाखाओं से योजना के तहत ऋण प्राप्त करने वाले पांच लाभार्थियों लोरिक, दीनानाथ, जितेंद्र, मुद्रिका एवं दयाशंकर को ऋण प्रमाण पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता रणविजय सिंह ने किया। कार्यक्रम में योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों को सुलभ एवं रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादकता और आय में वृद्धि करना है। योजना के तहत पात्र किसानों को छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्तों का भुगतान करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा। योजना के लिए प्रदेश सरकार ने 384 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। आगामी पांच वर्षों में करीब पांच लाख किसानों को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कृषि के साथ ही कृषि आधारित अन्य गतिविधियों और आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है। इसी अवसर पर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। भारत टैक्सी, सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा संचालित सहकारी क्षेत्र आधारित डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है। ‘सारथी ही मालिक’ की सहकारी भावना के तहत चालक इसमें सदस्य एवं हितधारक के रूप में जुड़ते हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ चालकों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर बी-पैक्स के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं सचिवों से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र किसानों को योजना से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों और सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहकारिता आधारित इन पहलों को जन-जन तक पहुंचाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में बिजेंद्र कुमार, बृजेश कुमार राय, वरुणेंद्र प्रताप शाही, अभिषेक सिंह एवं अरुण कुमार अपर जिला सहकारी अधिकारियों, सत्येंद्र सिंह, धनंजय सिंह एवं रणजीत सिंह सहायक विकास अधिकारियों सहित केंद्रीय संस्थाओं के अध्यक्ष, सभापति एवं संचालक, पैक्स सचिव एवं संचालक, इफको प्रतिनिधि, सहकारिता से जुड़े किसान तथा अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।