Bansgaon Sandesh
Login
V
Gazipurलगभग ३ घंटे पहले

मिशन रोजगार के तहत 191 युवाओं को मिली नौकरी, नियुक्ति पत्र व

मिशन रोजगार के तहत 191 युवाओं को मिली नौकरी, नियुक्ति पत्र व

मिशन रोजगार के तहत 191 युवाओं को मिली नौकरी, नियुक्ति पत्र व ऑफर लेटर वितरित पंचायत सहायकों, वन स्टॉप सेंटर कर्मियों और निजी कंपनियों में चयनित युवाओं को मिली नई जिम्मेदारी गाजीपुर, 29 अगस्त। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन रोजगार अभियान के तहत जनपद के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंचायती राज, महिला कल्याण एवं सेवायोजन विभाग की ओर से संयुक्त नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर वितरण कार्यक्रम शनिवार को राइफल क्लब स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग ओमप्रकाश राजभर रहे। उन्होंने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मिशन रोजगार के माध्यम से बिना भेदभाव और बिना भ्रष्टाचार के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने 109 नवनियुक्त पंचायत सहायकों, वन स्टॉप सेंटर की 10 चयनित महिला कार्मिकों तथा सेवायोजन विभाग के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने वाले 72 युवाओं को बधाई दी।उन्होंने कहा कि पंचायत सहायक गांव के विकास की धुरी हैं। वे ग्राम पंचायतों में शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं और पूरी निष्ठा व ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जनपद में कुल 1238 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष अब तक 1206 पंचायत सहायकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, जबकि शेष 32 ग्राम पंचायतों में चयन की कार्यवाही चल रही है।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंचायत सहायकों के माध्यम से ग्राम सचिवालयों को क्रियाशील रखते हुए ग्रामीणों को आय, जाति, निवास सहित विभिन्न प्रमाण-पत्रों से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, ग्राम पंचायत विकास योजना की ऑनलाइन फीडिंग तथा अन्य विभागीय कार्यों में भी पंचायत सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।महिला कल्याण विभाग द्वारा अगस्त माह में वन स्टॉप सेंटर में 10 कार्मिकों का चयन किया गया है। ये कार्मिक हिंसा एवं संकट से पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।सेवायोजन विभाग द्वारा बताया गया कि अगस्त से दिसंबर 2026 तक जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों, संस्थानों एवं महाविद्यालयों में 23 रोजगार मेलों का आयोजन प्रस्तावित है। निर्धारित लक्ष्य 2330 के सापेक्ष लगभग 6000 अभ्यर्थियों के चयन का लक्ष्य रखा गया है। अप्रैल से अगस्त 2026 तक आयोजित 13 रोजगार मेलों के माध्यम से 977 अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है। अगस्त माह में 72 युवाओं को हिन्डालको, रेनुकोट, रेनुकाेट, ग्लोबल ऑटोटेक एवं पूर्वांचल जैसी कंपनियों में रोजगार के ऑफर लेटर उपलब्ध कराए गए।राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि शासन की मंशा प्रत्येक ग्राम पंचायत में सहायक उपलब्ध कराने की है, जिससे पंचायत के कार्य डिजिटल एवं पारदर्शी तरीके से संचालित हो सकें। उन्होंने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विधायक जखनियां बेदी राम ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर है। नवनियुक्त कार्मिक पूरी ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएं।कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश बिंद, एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

0 likes
0 comments1 shares