Bansgaon Sandesh
Login
B
Gorakhpurलगभग १२ घंटे पहले

पाँच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर भावुक हुईं ब्लॉक प्रमुख डॉ.

पाँच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर भावुक हुईं ब्लॉक प्रमुख डॉ.

पाँच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर भावुक हुईं ब्लॉक प्रमुख डॉ. पूजा सिंह कौशिक, क्षेत्रवासियों का जताया आभार बेलघाट (गोरखपुर)। बेलघाट की ब्लॉक प्रमुख डॉ. पूजा सिंह कौशिक का पाँच वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने पर उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों एवं समस्त क्षेत्रवासियों के नाम एक भावुक संदेश जारी करते हुए सभी के सहयोग, विश्वास और स्नेह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख के रूप में बीते पाँच वर्ष उनके जीवन की एक महत्वपूर्ण और भावनात्मक यात्रा रहे, जिसमें उन्हें जनसेवा का अवसर मिला। डॉ. कौशिक ने कहा कि यह यात्रा केवल उनकी नहीं, बल्कि उनके स्वर्गीय पति सूर्य प्रकाश सिंह कौशिक के संघर्ष, समर्पण और जनसेवा के संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनके पति का सपना बेलघाट का सर्वांगीण विकास और प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाना था। उनके असामयिक निधन के बाद पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया और उनके सामने भी अनेक कठिन परिस्थितियाँ आईं, लेकिन उन्होंने अपने पति के अधूरे सपनों को पूरा करने के संकल्प के साथ जनसेवा का कार्य निरंतर जारी रखा। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख के रूप में उन्होंने स्वयं को केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि बेलघाट की बहू मानते हुए क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति के सुख-दुख में सहभागी बनने का प्रयास किया। क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सशक्त बनाकर विकास कार्यों को गति देने और हर क्षेत्र तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए गए। अपने संदेश में उन्होंने विनम्रता के साथ कहा कि यदि उनके कार्यकाल के दौरान किसी प्रकार की कोई त्रुटि हुई हो तो उन्हें छोटी बहन, बेटी या बहू समझकर क्षमा करें। वहीं यदि उनके प्रयासों से किसी के जीवन में थोड़ी भी खुशी आई हो तो वही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान और उनके स्वर्गीय पति के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। डॉ. पूजा सिंह कौशिक ने कहा कि क्षेत्रवासियों के स्नेह, विश्वास और सहयोग ने उन्हें हर कठिन परिस्थिति में आगे बढ़ने की शक्ति दी, जिसके लिए वह जीवनभर सभी की ऋणी रहेंगी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार आगामी छह माह तक वह प्रशासक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती रहेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी क्षेत्रवासियों का सहयोग और विश्वास उन्हें मिलता रहेगा तथा वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ बेलघाट के विकास एवं जनसेवा के कार्यों में निरंतर जुटी रहेंगी।

0 likes
0 comments0 shares