70वीं जनपदीय वालीबाल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

भटवली बाजार (गोरखपुर)। बांसगांव संदेश। इण्टरमीडिएट कालेज भटवली बाजार के तत्वावधान में 70वीं जनपदीय वालीबाल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच हर अंक के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। बेहतरीन सर्विस, स्मैश और डिफेंस से खिलाड़ियों ने दर्शकों को रोमांचित किया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक, गोरखपुर डॉ. राजेश गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। जीत आत्मविश्वास बढ़ाती है, जबकि हार अपनी कमियों को पहचानकर सुधार करने की सीख देती है। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच के साथ जनपद स्तर से आगे मंडल, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इण्टरमीडिएट कालेज भटवली बाजार की प्रबंधक श्रीमती प्रियंका सिंह ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। खेल विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ मानसिक रूप से भी सक्षम बनाते हैं। प्रत्येक विद्यालय को विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा पहचानकर उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देना चाहिए। विशिष्ट अतिथि माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्याम नारायण सिंह ने कहा कि खेल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं तथा विद्यार्थियों में अनुशासन और आपसी सहयोग को मजबूत बनाते हैं। इस दौरान माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री दुर्गेश कुमार मिश्र, पूर्व जिला मंत्री रमेंद्र प्रताप चन्द, वरिष्ठ शिक्षक नेता अयोध्या प्रसाद राय, रणविजय मल्ल सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य वाचस्पति शुक्ल, उमेश प्रताप शाही, महानंद द्विवेदी, डॉ. रणजीत सिंह, प्रमेन्दर कुमार, पंकज कुमार सिंह, शैलेन्द्र कुमार, दिनेश कुमार सिंह और भीम सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन चन्द्रमणि ओझा, शैलेन्द्र कुमार पाठक एवं जयहिंद यादव ने किया। समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार ने अतिथियों, निर्णायकों, खिलाड़ियों, शिक्षकों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में डॉ. विवेकानन्द सिंह, डॉ. उमेश कुमार सिंह, राहुल पाठक, बालेश्वर नाथ पांडेय, संतोष कुमार, प्रवीण कुमार गौतम और सुरेश कुमार अंचल सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए खेल शिक्षक एवं टीम मैनेजर ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के परिणाम में बालिका वर्ग के अंडर-14 में सहजनवां विजेता तथा महानगर गोरखपुर उपविजेता रहा। अंडर-17 में महानगर विजेता और सहजनवां उपविजेता रहा। अंडर-19 में महानगर विजेता तथा खजनी की टीम उपविजेता रही। वहीं बालक वर्ग के अंडर-14 और अंडर-17 में महानगर विजेता तथा खजनी उपविजेता रहा।