अनंतपुर में विशेष रोजगार दिवस का आयोजन, खंड विकास अधिकारी ने मजदूरों को मिठाई खिलाकर बढ़ाया उत्साह

हरपुर बुदहट, गोरखपुर। बांसगांव संदेश। सहजनवा विकासखंड के ग्राम पंचायत अनंतपुर में सोमवार को विकसित भारत-जी राम जी रोजगार योजना के अंतर्गत विशेष रोजगार दिवस मनाया गया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सत्यकाम तोमर ने मजदूरों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी सत्यकाम तोमर ने श्रमिकों के साथ संवाद किया और रोजगार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। श्रमिकों के परिश्रम से ही गांवों के विकास को गति मिलती है। रोजगार से जुड़ी योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को काम के अवसर उपलब्ध कराना है। इस दौरान एपीओ अवधेश वर्मा, ग्राम प्रधान प्रशासक जोखू निषाद, रोजगार सेवक घनश्याम पासी सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से श्रमिकों को रोजगार के प्रति जागरूक करने और उनके योगदान को सम्मान देने का संदेश दिया गया।