जनगणना 2027 को लेकर गांव-गांव जागरूकता अभियान,: घर-घर पहुंच रहीं प्रभारी प्रधानाचार्य रंजू सिंह
बांसगांव संदेश | गोरखपुर। जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर सदर तहसील के जंगल कौड़िया ब्लॉक अंतर्गत मीरपुर ग्राम सभा में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रभारी प्रधानाचार्य रंजू सिंह घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को जनगणना की प्रक्रिया, स्वगणना के महत्व और इसमें सहभागिता के प्रति जागरूक कर रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि स्वगणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर तक निर्धारित है। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक घर-घर मकान सूचीकरण एवं जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान जनगणना कर्मी परिवारों से निर्धारित जानकारियां एकत्र करेंगे। रंजू सिंह ग्रामीणों को समझा रही हैं कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश और समाज के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों और संसाधनों के वितरण की रूपरेखा तैयार करती है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि स्वगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उनका कहना है कि प्रत्येक परिवार की सहभागिता से ही जनगणना अभियान सफल हो सकेगा।