Bansgaon Sandesh
Login
Ram Prakash Kasaudhan
Gorakhpur३० मिनट पहले

*पेट्रोल संकट: सिकरीगंज क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंप बंद, ढेबरा बाजार में

*पेट्रोल संकट: सिकरीगंज क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंप बंद, ढेबरा बाजार में

*पेट्रोल संकट: सिकरीगंज क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंप बंद, ढेबरा बाजार में ही मिल रहा ईंधन* संवाद सूत्र सिकरीगंज। सिकरीगंज क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल संकट गहराता जा रहा है। क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नकौड़ी, हरदत्तपुर, महुई, मांझरिया, महदेवा बाजार समेत आसपास के लगभग सभी पेट्रोल पंप बीते कल रात से ही सूख गए हैं, जिसके चलते पंपों पर ताला लटक गया है। पेट्रोल की किल्लत का सबसे अधिक असर दैनिक यात्रियों, किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों पर पड़ रहा है। सुबह से ही लोग अपनी बाइक और चार पहिया वाहनों में पेट्रोल भरवाने के लिए एक पंप से दूसरे पंप तक चक्कर लगाते नजर आए। कई स्थानों पर लोग निराश होकर वापस लौट गए। क्षेत्र में फिलहाल केवल ढेबरा बाजार स्थित पेट्रोल पंप पर ही पेट्रोल उपलब्ध होने की सूचना है। वहां सुबह से ही बड़ी संख्या में वाहन पहुंच रहे हैं, जिससे पंप पर लंबी कतार लग गई। भीड़ अधिक होने के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई वाहन चालकों ने बताया कि पेट्रोल खत्म होने की वजह से जरूरी कामकाज प्रभावित हो रहे हैं और दूर-दराज गांवों से आने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक पेट्रोल आपूर्ति बाधित होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा सीमित होने के कारण लोग निजी वाहनों पर अधिक निर्भर रहते हैं। ऐसे में पेट्रोल संकट ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। वहीं पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि आपूर्ति प्रभावित होने के कारण यह स्थिति बनी है। जल्द ही तेल कंपनियों की ओर से सप्लाई पहुंचने की उम्मीद है, जिसके बाद सभी पेट्रोल पंपों पर बिक्री सामान्य हो जाएगी। हालांकि तब तक लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

0 likes
0 comments1 shares