पुरानी रंजिश में बुजुर्ग पर हमला, बाजार में लाठी-डंडों से पीटकर किया

पुरानी रंजिश में बुजुर्ग पर हमला, बाजार में लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल सीएचसी जखनियां के सामने पांच साथियों संग पहुंचे आरोपितों पर मारपीट का आरोप, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर जखनियां (गाजीपुर)। भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के चौजा खास गांव निवासी 60 वर्षीय रामअवध राम पर सोमवार को जखनियां बाजार में कथित रूप से पांच साथियों के साथ पहुंचे एक युवक ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट में रामअवध के सिर, चेहरे और जबड़े समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनियां पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।परिजनों के अनुसार रामअवध राम सोमवार को घर से जखनियां बाजार आए थे। वह सीएचसी जखनियां के सामने बैठे थे, तभी गांव निवासी सरकारी उर्फ अजय कुमार अपने पांच साथियों के साथ वहां पहुंचा और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।बताया गया कि घटना से एक दिन पहले गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्षों के बीच शाम के समय गाली-गलौज हुई थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर खुन्नस में अगले दिन जखनियां बाजार में रामअवध के साथ मारपीट की गई।घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सीएचसी जखनियां ले गई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया।मामले में रामअवध राम के बड़े बेटे राजू कुमार ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है। इस संबंध में भुड़कुड़ा कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कानून हाथ में लेने वाले दोषियों के साथ किसी प्रकार की मुरव्वत नहीं बरती जाएगी।