शाहगंज चौकी पर महिला होमगार्ड से अभद्रता का आरोप लघुशंका के लिए
शाहगंज चौकी पर महिला होमगार्ड से अभद्रता का आरोप लघुशंका के लिए गई महिला जवान को सिपाही ने रोका, बाथरूम में लगाया ताला *घटना से होमगार्ड संगठन में आक्रोश, पुलिस कप्तान से कार्रवाई की मांग* सुलतानपुर। शाहगंज चौकी पर ड्यूटी में तैनात महिला होमगार्ड के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। महिला होमगार्ड ने चौकी पर तैनात सिपाही वीरेन्द्र कुमार यादव पर लघुशंका के लिए जाने से रोकने और विरोध करने पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। महिला होमगार्ड की शिकायत के बाद मामले को लेकर होमगार्ड संगठन में भी आक्रोश है। महिला होमगार्ड के मुताबिक, उसकी ड्यूटी शाहगंज चौकी में लगी है। ड्यूटी के दौरान वह लघुशंका के लिए चौकी परिसर में बने बाथरूम की ओर गई। आरोप है कि वहां सिपाही वीरेंद्र कुमार यादव ने बाथरूम का इस्तेमाल करने से मना कर दिया। महिला जवान का आरोप है कि बाथरूम में ताला भी लगा दिया गया था। जब उसने इसका विरोध किया तो सिपाही ने उसके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया। घटना की जानकारी साथी होमगार्ड जवानों को हुई तो उनमें नाराजगी फैल गई। महिला होमगार्ड ने उच्चाधिकारियों को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, होमगार्ड संगठन ने भी मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।