पिपराइच पुलिस की निगरानी में बाबा मोटेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने किया

पिपराइच पुलिस की निगरानी में बाबा मोटेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक अवधनामा न्यूज गोरखपुर। पिपराइच नगर पंचायत के सामने स्थित बाबा मोटेश्वरनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार आधी रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। हजारों की संख्या में पहुंचे शिवभक्त भांग, धतूरा, बेलपत्र, दूर्वा, अक्षत और जल लेकर घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे। गर्भगृह में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर की मान्यता है कि यहां सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, जिसके चलते दूर-दराज से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर के पुजारी ने सभी भक्तों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए शांति एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की। मंदिर के महंत साधु शरण जी ने बताया कि भोर में 3 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थीं। प्रशासन के सहयोग से सभी भक्तों को सुचारु रूप से दर्शन और जलाभिषेक कराया गया। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत थानाध्यक्ष पिपराइच अतुल कुमार श्रीवास्तव लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था की निगरानी करते रहे। उनकी देखरेख में महाशिवरात्रि का पर्व सकुशल संपन्न कराया गया। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में उपनिरीक्षक कमलेश यादव, उपनिरीक्षक राकेश सिंह, उपनिरीक्षक सुनील यादव, उपनिरीक्षक विकास साहू, उपनिरीक्षक दीपिका, उपनिरीक्षक शिखा सहित समस्त पुलिसकर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।