समय बदलने से भलुअनी के गांधी सभागार में अव्यवस्था फैली

भलुअनी।बांसगांव संदेश।देवरिया जिले के भलुअनी विकास खंड परिसर स्थित गांधी सभागार में रविवार को 'सेवा सेतु अभियान' के दौरान अव्यवस्था देखने को मिली। बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं को कार्यक्रम के इंतजार में घंटों बैठना पड़ा। सभागार महिलाओं से भरा था, लेकिन मंच की कुर्सियां खाली थीं। मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम का समय अचानक बदल दिया गया था। इस वजह से मंच पर निर्धारित समय तक कार्यक्रम शुरू नहीं हो सका। बीडीओ ने भी इसकी पुष्टि की । महिलाओं को छुट्टी के दिन समय से काफी पहले बुलाया गया था, जिससे उन्हें लंबे इंतजार के कारण परेशानी हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कार्यक्रम का समय पहले से साफ होता या बदलाव की जानकारी समय पर दी जाती, तो यह स्थिति नहीं बनती।बैनर के मुताबिक, 'सेवा सेतु अभियान' 28 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसमें स्वास्थ्य मेला, सरकारी योजनाओं की जानकारी, दिव्यांग कल्याण शिविर और ऑनलाइन आवेदन जैसी गतिविधियां शामिल हैं।