Bansgaon Sandesh
Login
Rahul kumar singh
Sultanpurलगभग २ घंटे पहले

एजुकेटर भर्ती पर धांधली का आरोप अभ्यर्थी ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच

एजुकेटर भर्ती पर धांधली का आरोप अभ्यर्थी ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग की, बीएसए ने दी प्रतिक्रिया* *सुलतानपुर।* उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ईसीसीई (ई सीसी ई) एजुकेटर भर्ती प्रक्रिया विवादों में घिर गई है। एक अभ्यर्थी ने जिलाधिकारी (डीएम) को पत्र लिखकर चयन प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद का गंभीर आरोप लगाया है। पूर्व में भी इन आरोपों के चलते भर्ती प्रक्रिया रोकी गई थी। ग्राम कुम्हाही (कटरावा), सुलतानपुर की निवासी शिकायतकर्ता महिमा दीक्षित ने ईसीसीई एजुकेटर पद पर भर्ती में अपारदर्शी साक्षात्कार प्रक्रिया और 'चहेतों' को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया है। महिमा दीक्षित ने बताया कि उन्होंने एजुकेटर पद के लिए आवेदन किया था। उनकी मेरिट 60 प्रतिशत थी, जो निर्धारित मानक (50 प्रतिशत से अधिक) से काफी ऊपर थी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें दो बार साक्षात्कार के लिए मेल भी प्राप्त हुए, लेकिन बाद में भर्ती प्रक्रिया रद्द होने की सूचना दी गई। शिकायत के अनुसार, 8 अप्रैल को विकास भवन परिसर में कथित तौर पर गुपचुप तरीके से कुछ 'पसंदीदा' लोगों को बुलाकर उनका साक्षात्कार लिया गया और उन्हें भर्ती कर लिया गया। अभ्यर्थी का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में खुलेआम भ्रष्टाचार हुआ है और योग्य छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। पीड़ित अभ्यर्थी ने जिलाधिकारी से इस पूरी भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। महिमा दीक्षित ने कहा, "मेरी मेरिट अच्छी होने के बावजूद मुझे अंधेरे में रखा गया और चुपके से साक्षात्कार कराकर चहेतों को नौकरी दे दी गई। यह सरासर भ्रष्टाचार है।" उन्होंने पात्र छात्रों को उनका हक दिलाने और न्याय सुनिश्चित करने के लिए भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) उपेंद्र गुप्ता ने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप लगते रहते हैं। उन्होंने कहा कि साक्ष्य सामने आने पर ही कुछ कहा जा सकता है। बता दें कि जिले में दो दिनों तक बड़ी संख्या में साक्षात्कार लिए गए थे, जिसमें कई अभ्यर्थियों की छंटनी की गई थी।

0 likes
0 comments0 shares