29 सितंबर को अयोध्या मंडलायुक्त का सुलतानपुर दौरा विकास कार्यों और निर्माणाधीन
29 सितंबर को अयोध्या मंडलायुक्त का सुलतानपुर दौरा विकास कार्यों और निर्माणाधीन परियोजनाओं का करेंगे निरीक्षण, अधिकारियों की ड्यूटी तय सुलतानपुर। अयोध्या मंडलायुक्त के सितंबर को प्रस्तावित सुलतानपुर भ्रमण एवं निरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने मंडलायुक्त के कार्यक्रम को लेकर संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार मंडलायुक्त द्वारा जनपद में विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे से 1 बजे तक कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जनपद में किए गए नवाचार तथा स्वास्थ्य विभाग एवं श्रम विभाग से संबंधित प्रस्तुतिकरण/सेवा संकल्प की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे से 3:45 बजे तक निर्माणाधीन साइबर क्राइम थाने के प्रशासनिक भवन का निरीक्षण प्रस्तावित है। निरीक्षण से संबंधित दायित्व योगेश शुक्ल को सौंपा गया है। वहीं शाम 4 बजे से 4:30 बजे तक जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किए जाने से संबंधित निर्माण कार्य का निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए विशाल वर्मा को दायित्व सौंपा गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने नामित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मंडलायुक्त के निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के दौरान अपने-अपने दायित्वों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें और संबंधित व्यवस्थाएं समय से पूरी कर लें। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, संबंधित अधिशासी अभियंता तथा जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।