सेवा संकल्प अभियान में पाली को मिली सौगात, दिव्यांगों को उपकरण और चड़राव में डिजिटल लाइब्रेरी

पाली/गोरखपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को पाली ब्लॉक परिसर में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर ग्रामीणों के लिए योजनाओं और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी का प्रमुख केंद्र बना। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री एवं गोरखपुर के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मौके पर सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला भी मौजूद रहे। शिविर में खाद्य एवं रसद, कृषि, स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी, पशुपालन, लघु सिंचाई सहित कई विभागों ने लोगों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया बताई। ब्लॉक प्रमुख पाली शशि प्रताप सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समाधान कराना है। शिविर में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से 18 दिव्यांगजनों को स्मार्ट केन, कान की मशीन सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। उपकरण पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। वहीं, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत चड़राव में डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को अध्ययन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए डिजिटल संसाधन उपलब्ध होंगे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युधिष्ठिर, जिला उपाध्यक्ष छोटेलाल मौर्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवचरण प्रसाद, दयाशंकर सिंह, दिवाकर राज, राजेश त्रिपाठी, मंडल महामंत्री राहुल सिंह, मंडल अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह, मंडल महामंत्री विजय मिश्रा, शक्ति केंद्र संयोजक चंद्रशेखर गुप्ता सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।