शिक्षक हितों की लड़ाई तेज, संगठन ने एकजुटता पर दिया जोर 14
शिक्षक हितों की लड़ाई तेज, संगठन ने एकजुटता पर दिया जोर 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाने की तैयारी, कई वरिष्ठ पदाधिकारी होंगे शामिल गोरखपुर। उ0प्र0 माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) गोरखपुर इकाई ने शिक्षक हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष को और तेज करने का निर्णय लिया है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि वह शिक्षकों की समस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय है और संघर्ष के माध्यम से ही उपलब्धियां हासिल की जा रही हैं। जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने कहा कि संगठन हमेशा से शिक्षकों के हितों की रक्षा करता आया है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ यह कार्य जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्वार्थी व भ्रामक तत्व संगठन की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे एकजुट रहकर संगठन को मजबूत बनाएं और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उमेश त्यागी के नेतृत्व में कार्य करते रहें। संगठन का मानना है कि संघर्ष और एकता ही शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसी क्रम में संगठन ने 14 अप्रैल 2026 को भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम प्रातः 10:30 बजे रामलीला मैदान, मानसरोवर मंदिर के पास अंधियारी बाग, उत्तरी गोरखपुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेशीय मंत्री डॉ. अजय कुमार पाण्डेय, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य, जिला संरक्षक, मंडलीय मंत्री, जिला व महानगर पदाधिकारी सहित संगठन के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिला मंत्री डॉ. शोभित श्रीवास्तव ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और बड़ी संख्या में शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इस अवसर पर सामाजिक समरसता, शिक्षा के महत्व और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।