बेलघाट: मौसम ने बदली करवट, गर्मी से मिली राहत, किसानों के चेहरों

बेलघाट: मौसम ने बदली करवट, गर्मी से मिली राहत, किसानों के चेहरों पर लौटी खुशहाली बेलघाट, गोरखपुर। क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट बदलते हुए लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है। हुई बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ किसानों के चेहरों पर भी खुशहाली लौट आई है। कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और उमस के कारण लोग परेशान थे। वहीं किसान भी बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। बारिश होने से खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे धान की रोपाई की तैयारियों को गति मिलेगी। किसानों का कहना है कि इस समय वर्षा उनके लिए अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि धान की खेती के लिए पर्याप्त पानी की जरूरत होती है। बारिश होने से खेतों की सिंचाई की चिंता काफी हद तक कम हुई है और किसानों को उम्मीद जगी है कि समय पर रोपाई का कार्य पूरा हो सकेगा। मौसम में आए इस बदलाव से पशु-पक्षियों को भी राहत मिली है तथा वातावरण सुहावना हो गया है। क्षेत्र के किसानों ने बारिश को खेती के लिए शुभ संकेत बताते हुए कहा कि लंबे समय से वर्षा का इंतजार था। समय पर हुई बारिश से फसलों की बुवाई और रोपाई में मदद मिलेगी, जिससे अच्छी पैदावार की संभावना बढ़ गई है। बारिश के बाद बेलघाट क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है और किसान इसे प्रकृति का अनमोल उपहार मान रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम अनुकूल बने रहने की संभावना है, जिससे किसानों को और लाभ मिल सकता है। रिपोर्ट: भोला गौड़, संवाददाता, बेलघाट