Bansgaon Sandesh
Login
T
Lucknow१६ मिनट पहले

सई नदी में डूबे 2 युवकों के शव बरामद, तीसरे की तलाश

सई नदी में डूबे 2 युवकों के शव बरामद, तीसरे की तलाश

सई नदी में डूबे 2 युवकों के शव बरामद, तीसरे की तलाश जारी, गणेश विसर्जन करने गए थे, 2 की पत्नियां गर्भवती *लखनऊ / मोहनलालगंज।* राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज में मंगलवार शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सई नदी में डूबे 3 युवकों में से 2 के शव बुधवार को बरामद कर लिए गए हैं। SDRF की टीम ने धीरज (35) और हरिप्रसाद (40) के शव निकाले हैं, जबकि तीसरे युवक प्रमोद (22) की तलाश अभी जारी है। *कैसे हुआ हादसा -* घटना मोहनलालगंज के जबरैला पुल के पास की है। यहां से 5 किमी दूर सिसेंडी गांव के लोग मंगलवार शाम करीब 5 बजे गणेश प्रतिमा विसर्जन करने पहुंचे थे। तभी धीरज (35) सई नदी में गहराई में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए 40 वर्षीय हरिप्रसाद भी नदी में उतर गया, वह भी डूबने लगा। इसी दौरान प्रमोद (22) भी उन्हें बचाने के लिए नदी में चला गया। इसके बाद तीनों का कोई पता नहीं चला। *रात भर चला सर्च ऑपरेशन* सूचना पर पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। बाद में SDRF की टीम नाव और बचाव उपकरणों के साथ पहुंची। रात में अंधेरा होने के बावजूद सर्च ऑपरेशन जारी रहा। करीब 6 घंटे तक, रात 11 बजे तक भी तीनों का पता नहीं चला था। बुधवार को तलाशी के दौरान धीरज और हरिप्रसाद के शव मिले। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रमोद की तलाश में SDRF की टीम जुटी है। मौके पर पुलिस बल तैनात है। SDRF की टीम ने सूचना मिलने के करीब 40 मिनट में मौके पर पहुंचकर सर्च शुरू किया था। टीम में SI रितेश सचान समेत करीब 20 कॉन्स्टेबल और 6 स्थानीय गोताखोर शामिल थे। टीम बोट, कांटा, लाइफ जैकेट और फ्लड रेस्क्यू उपकरणों के साथ तलाश में जुटी रही। मौके पर ADMN FR, SDM आकाश सिंह और ACP आरके सिंह भी पहुंचे थे। *परिवारों में मचा कोहराम, 2 की पत्नियां गर्भवती* हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मचा है। हरिप्रसाद की पत्नी श्यामावती गर्भवती हैं, उनके परिवार में 12 वर्षीय बेटा निहाल और 10 वर्षीय बेटी निहालिका हैं। वहीं धीरज की शादी करीब 2 साल पहले अनिता से हुई थी, अनिता भी करीब 3 महीने की गर्भवती हैं। प्रमोद हीरा खेड़ा का रहने वाला है जो सिसेंडी गांव में ही आता है। तीनों मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। नदी किनारे मौजूद परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर सर्च में देरी और लापरवाही का आरोप भी लगाया। परिजनों का कहना था कि SDRF एक ही जगह पर तलाश कर रही है और नदी में जाल नहीं लगवाया गया, जिससे जिंदा मिलने की संभावना कम होती जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि टीम नदी की धारा की दिशा में ही अनुभवी तरीके से तलाश कर रही है और सभी लोग काम पर लगे हैं।

0 likes
0 comments0 shares