सिकरीगंज थाना दिवस में काली पट्टी बांधकर पहुंचे लेखपाल, लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन

मांगों को लेकर लामबंद हुए लेखपाल, काली पट्टी बांध किया कार्य बहिष्कार; 17 तारीख को बड़े आंदोलन की चेतावनी सिकरीगंज/गोरखपुर। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेशभर में चल रहे आंदोलन के क्रम में खजनी तहसील के लेखपालों ने सिकरीगंज थाना परिसर में आयोजित थाना दिवस के दौरान हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। लेखपालों ने कार्य बहिष्कार कर शासन से लंबित मांगों को पूरा करने की मांग उठाई। मीडिया से बातचीत में लेखपालों ने बताया कि अंतरमंडलीय स्थानांतरण, 2800 ग्रेड पे, वेतन विसंगतियों को दूर करने, समयबद्ध पदोन्नति और स्टेशनरी भत्ते में वृद्धि समेत कई मांगों को लेकर उनका आंदोलन जारी है। उनका कहना है कि लंबे समय से इन मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। लेखपालों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कुछ लेखपालों के मुताबिक, गृह जनपद से काफी दूर तैनाती मिलने के कारण उन्हें लगभग 800 से 900 किलोमीटर तक की दूरी तय कर नौकरी करनी पड़ती है। इससे पारिवारिक जीवन और दैनिक कार्यों पर भी असर पड़ता है। 17 तारीख को बड़े आंदोलन की चेतावनी लेखपालों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान नहीं किया गया, तो 17 तारीख को बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपील की। अब देखना होगा कि लेखपालों की मांगों पर शासन-प्रशासन क्या रुख अपनाता है और आंदोलन को समाप्त कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।