01 से 14 सितंबर तक मनाया जाएगा उल्लास साक्षरता पखवाड़ा 08 सितंबर

01 से 14 सितंबर तक मनाया जाएगा उल्लास साक्षरता पखवाड़ा 08 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर होंगे जनजागरूकता कार्यक्रम गाजीपुर, 30 अगस्त 2026। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उपासना रानी वर्मा गाजीपुर ने जनपद में 01 से 14 सितंबर 2026 तक उल्लास साक्षरता पखवाड़ा मनाए जाने के संबंध में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। पखवाड़े के दौरान 08 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस का आयोजन जनपद, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर किया जाएगा।उल्लास साक्षरता पखवाड़े के अंतर्गत 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के असाक्षर व्यक्तियों तथा वॉलंटियर्स का सर्वेयर के माध्यम से चिन्हांकन किया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए कार्यशालाएं, संगोष्ठियां एवं सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।पखवाड़े के दौरान परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, ग्राम प्रधानों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से साक्षरता रैली, प्रभात फेरी एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। छात्र-छात्राएं साक्षरता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे।विद्यालयों में प्रार्थना स्थल पर विद्यार्थियों को साक्षरता के महत्व की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें अपने घर और आसपास के असाक्षर व्यक्तियों को नव भारत साक्षरता कार्यक्रम से जोड़कर साक्षर बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए "जन-जन साक्षर" तथा "ULLAS - Understanding of Lifelong Learning for all in Society" के संदेश के साथ पोस्टर, पम्पलेट और दीवार लेखन के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देशित किया है कि 01 से 14 सितंबर तक आयोजित कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियो क्लिपिंग सुरक्षित रखी जाए। साथ ही 08 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस समारोह का प्रभावी ढंग से आयोजन सुनिश्चित किया जाए।