देवरिया: प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को PHC में नहीं मिली चिकित्सा सहायता
देवरिया: प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को PHC में नहीं मिली चिकित्सा सहायता, निजी अस्पताल में हुआ सुरक्षित प्रसव देवरिया जिले के पिपरा दौला कदम स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में स्वास्थ्य सेवाओं में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, हरियापार निवासी प्रतिमा प्रजापति को देर रात प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उन्हें PHC लेकर पहुंचे, लेकिन वहां कोई चिकित्सक, स्टाफ नर्स या जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि काफी इंतजार के बाद भी चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं हुई। इसके बाद महिला को देवरिया मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन के माध्यम से सुरक्षित प्रसव कराया। वर्तमान में जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।