दुर्गा पूजा पर डीजे को लेकर सिकरीगंज पुलिस सख्त, नियमों के उल्लंघन होगी कड़ी कारवाई

दुर्गा पूजा पर डीजे को लेकर सिकरीगंज पुलिस सख्त, नियमों के उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई थाना परिसर में डीजे संचालकों की बैठक, चार साउंड तक ही बजाने के निर्देश सिकरीगंज/गोरखपुर। दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार, 15 अक्टूबर को सिकरीगंज थाना परिसर में थाना क्षेत्र के समस्त डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहार के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान सिकरीगंज थाना अध्यक्ष आशीष कुमार दुबे ने डीजे संचालकों को निर्देशित किया कि निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप ही साउंड सिस्टम का संचालन किया जाए। उन्होंने बताया कि डीजे पर प्रतिबंध रहेगा और संचालक केवल चार साउंड बॉक्स ही बजा सकेंगे। साथ ही, ध्वनि की तीव्रता निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए। थाना अध्यक्ष ने डीजे संचालकों को उच्चाधिकारियों की ओर से जारी आदेशों और आवश्यक दिशा-निर्देशों से भी अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी डीजे संचालकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की।