राधिका ने नीट-यूजी लहराया कामयाबी का परचम

सुमेरपुर हमीरपुर - सुमेरपुर कस्बे के दिग्विजय कॉन्वेंट स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने वाली बांदा जनपद के ग्राम तेलियापुरा विकासखंड मऊ की बेटी राधिका तिवारी ने नीट-यूजी 2026 में शानदार सफलता हासिल कर भरुआ सुमेरपुर सहित पूरे जनपद का मान बढ़ाया है। राधिका ने ऑल इंडिया कोटा श्रेणी में 1070वीं रैंक,अखिल भारतीय रैंक (एआईआर) 9812 तथा 99.50 प्रतिशताइल प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राधिका के पिता कैलाश प्रसाद एवं माता बेबी देवी ने बेटी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। राधिका की प्रारंभिक शिक्षा कस्बा स्थित दिग्विजय कॉन्वेंट स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने सेंट मेरीज़ स्कूल बांदा तथा अवध कॉलेजिएट लखनऊ से शिक्षा ग्रहण की। नीट-यूजी की तैयारी उन्होंने एलन लखनऊ से की। राधिका ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या, माता-पिता के सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना है। कस्बा निवासी राधिका के मामा शैलेन्द्र तिवारी ने बताया कि यह उपलब्धि पूरे परिवार,ग्राम तेलियापुरा,सुमेरपुर और जनपद बांदा के लिए गर्व का विषय है। राधिका की इस सफलता से कस्बे के दिग्विजय कॉन्वेंट स्कूल के छात्र-छात्राओं में भी उत्साह का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने इसे कस्बे के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए राधिका को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।दिग्विजय कांवेंट स्कूल की प्रबंधिका सुमन सिंह ने बेटी की इस सफलता को गौरव का विषय बताया है। उन्होंने कहा कि समारोह आयोजित कर बेटी को सम्मानित किया जाएगा। फोटो- फाइल फोटो राधिका