आईजीआरएस में फिसले अफसर,डीएम सख्त: 25 अधिकारियों का वेतन रोका सुलतानपुर। जन
आईजीआरएस में फिसले अफसर,डीएम सख्त: 25 अधिकारियों का वेतन रोका सुलतानपुर। जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा के दौरान शिकायतकर्ताओं से प्राप्त संतुष्ट फीडबैक प्रतिशत असंतोषजनक पाए जाने पर डीएम ने 25 अधिकारियों के प्रति घोर अप्रसन्नता जताते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।समीक्षा में जिला विद्यालय निरीक्षक,अधिशासी अभियंता विद्युत सुलतानपुर, लम्भुआ व कादीपुर, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, लीड बैंक मैनेजर, जिला समाज कल्याण अधिकारी और नगर पंचायत कादीपुर के अधिशासी अधिकारी का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया।इसके अलावा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अखण्डनगर, धनपतगंज, मोतिगरपुर, दोस्तपुर, लम्भुआ, जयसिंहपुर व भदैंया, खंड विकास अधिकारी भदैंया, पीपी कमैचा, मोतिगरपुर, जयसिंहपुर व दूबेपुर, खंड शिक्षा अधिकारी दोस्तपुर, प्रभारी चिकित्साधिकारी करौंदीकला व अखण्डनगर तथा चकबंदी अधिकारी सदर व कादीपुर के खिलाफ भी वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है।डीएम इन्द्रजीत सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।