खेत में लगे झटका मशीन की तार की चपेट में आने से

खेत में लगे झटका मशीन की तार की चपेट में आने से 4 वर्षीय बच्ची की मौत, परिवार में कोहराम लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के घरवासपुर गांव की है घटना* *लंभुआ,सुलतानपुर।* लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के घरवासपुर गांव में खेत में लगी झटका मशीन की तार की चपेट में आने से 4 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना से गांव में कोहराम मच गया है। पीड़ित परिवार ने बताया कि घरवासपुर निवासी किसान मुरारी पांडेय के खेत में 50 मीटर दूरी पर झटका मशीन लगी थी। शनिवार को इमरान की बेटी साजिया उम्र 4 वर्ष घर के पास खेलते-खेलते खेत की तरफ पहुंच गई और झटका मशीन का तार पकड़ लिया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन आनन-फानन में साजिया को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी धीरज कुमार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। साजिया की मां रुबीना का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि साजिया तीन बहनों में दूसरी थी। पहली बेटी की पहले ही मौत हो चुकी है। अब डेढ़ साल की एक छोटी बेटी बची है। पुलिस का कहना है कि मामले में पंचनामा कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।