श्रीराम कथा में केवट प्रसंग व भरत मिलाप के मार्मिक वर्णन से
श्रीराम कथा में केवट प्रसंग व भरत मिलाप के मार्मिक वर्णन से नम हुई आंखें। सहजनवा गोरखपुर पिपरौली स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर परिसर में चल रहे संगीतमय श्रीराम कथा के सातवें दिन बुधवार को अयोध्या धाम से आईं साध्वी गायत्री शास्त्री ने केवट प्रसंग व भरत मिलाप का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया।साध्वी ने बताया कि प्रबल प्रेम के पाले पड़कर प्रभु को नियम बदलते देखा। भगवान केवट के समीप आए। गंगाजी का किनारा भक्ति का घाट है और केवट भगवान का परम भक्त है, किंतु वह अपनी भक्ति का प्रदर्शन नहीं करना चाहता था। अतः वह भगवान से अटपटी वाणी का प्रयोग करता है। केवट ने हठ किया कि आप अपने चरण धुलवाने के लिए मुझे आदेश दे दीजिए, तो मैं आपको पार कर दूंगा केवट ने भगवान से धन-दौलत, पद ऐश्वर्य, कोठी-खजाना नहीं मांगा। उसने भगवान से उनके चरणों का प्रक्षालन मांगा। केवट की नाव से गंगा पार करके भगवान ने केवट को उतराई देने का विचार किया। सीता जी ने अर्धागिनी स्वरूप को सार्थक करते हुए भगवान की मन की बात समझकर अपनी कर-मुद्रिका उतारकर उन्हें दे दी। भगवान ने उसे केवट को देने का प्रयास किया, किंतु केवट ने उसे न लेते हुए भगवान के चरणों को पकड़ लिया। जो देवताओं के लिए भी दुर्लभ है, ऐसे भगवान के श्रीचरणों की सेवा से केवट धन्य हो गया। भगवान ने उसके निस्वार्थ प्रेम को देखकर उसे दिव्य भक्ति का वरदान दिया तथा उसकी समस्त इच्छाओं को पूर्ण किया।चित्रकूट पर भगवान का आगमन हुआ। यहां से भील राज (निषाद) भगवान को प्रणाम करके अपने गृह के लिए वापस हुए। मार्ग में शोकातुर सुमंत जी को धैर्य देकर उन्होंने अवध भेजा। सुमंत द्वारा रामजी का वन गमन सुनकर महाराज दशरथ ने प्राणों का त्याग कर दिया। कैकेयी का त्याग करके भरत मां कौशल्या के भवन में आए। माता कौशल्या ने भरत को पूर्ण वात्सल्य प्रदान किया व राम वनवास और दशरथ मरण की संपूर्ण घटना को सुनाया। भरत ने मां के सामने शपथ पूर्वक कहा, मां मैं आपको भगवान श्रीराम से पुनः मिलाउंगा। भाई-भाई के प्रेम का दर्शन कराने के लिए ही श्रीराम और भरत जी के मिलन का प्रसंग आया। दोनों भाई एक दूसरे के लिए संपत्ति और सुखों का त्याग करने के लिए उद्यत थे और विपत्ति को अपनाना चाहते थे। यही भ्रातृप्रेम है। भरत ने भगवान की चरण पादुकाओं को राज सिंहासन पर रखकर चौदह वर्ष तक उनकी सेवा की। यह भ्रातृ प्रेम की पराकाष्ठा है। भरत जी के नाम का अर्थ ही है- भ अर्थात् भवित, र अर्थात् रति, त अर्थात् त्याग।इस दौरान अनिल उपाध्याय, नीलमणि उपाध्याय, हेमेंद्र पाल, मुरारी प्रसाद, राजाराम निगम, अरविंद गुप्ता, प्रेमपाल गुप्ता, आकाश गुप्ता, ज्वाला निगम, आदित्य निगम, संतोष निगम, घुरहू प्रसाद सहित सैकड़ों श्रोता मौजूद रहे।