देवरिया जिले के भलुअनी नगर पंचायत में लंबे समय से रिक्त

भलुअनी।बांसगांव संदेश। देवरिया के भलुअनी नगर पंचायत में लंबे समय से रिक्त चल रहे अधिशासी अधिकारी (ईओ) के पद पर नई तैनाती की गई है। सोमवार को नवनियुक्त ईओ नीतीश गौरव ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभाला। जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले तत्कालीन अधिशासी अधिकारी अमिताभ मणि का स्थानांतरण हो गया था। उनके जाने के बाद से भलुअनी नगर पंचायत में कोई नया ईओ नियुक्त नहीं किया गया था।इस अवधि में नगर पंचायत के कामकाज की जिम्मेदारी उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपी गई थी। स्थायी अधिकारी के अभाव में नगर पंचायत से संबंधित कई कार्यों में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब नए ईओ के कार्यभार संभालने से नगर पंचायत के विकास कार्यों में तेजी आने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की उम्मीद है। स्थानीय निवासियों ने नए अधिकारी से नगर पंचायत की सफाई, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की अपेक्षा की है।