प्रेस विज्ञप्ति बांसगांव संदेश बरहज वन स्टॉप सेन्टर में आवासित बालिकाओं की
प्रेस विज्ञप्ति बांसगांव संदेश बरहज वन स्टॉप सेन्टर में आवासित बालिकाओं की काउन्सलिंग कर परिवार में किया गया सुपुर्द, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कराया गया नामांकन देवरिया, 01 सितम्बर 2026। महिला कल्याण विभाग, देवरिया द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के संरक्षण, सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में निरन्तर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में वन स्टॉप सेन्टर, देवरिया में विगत 13 दिवस से आवासित बालिकाओं की नियमित काउन्सलिंग एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। काउन्सलिंग के दौरान बालिकाओं की पारिवारिक एवं शैक्षिक स्थिति का संज्ञान लेते हुए उनके हित में आवश्यक कार्यवाही की गई। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा बालिकाओं तथा उनके परिवार के सदस्यों से संवाद स्थापित कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। काउन्सलिंग के उपरान्त बालिकाओं को उनके परिवार के सुपुर्द किया गया। बालिकाओं के भविष्य एवं शिक्षा को ध्यान में रखते हुए बालिका तथा उसकी एक अन्य बहन का कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, रूद्रपुर में नामांकन कराया गया है। इससे दोनों बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा तथा उनकी शिक्षा निरन्तर जारी रह सकेगी। विभाग द्वारा बालिकाओं के संरक्षण के साथ-साथ उन्हें शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण की थीम पर 04 सितम्बर को होगा लाइव प्रसारण जिलाधिकारी महोदय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में दिनांक 04.09.2026 को महिला कल्याण विभाग द्वारा “महिला सशक्तिकरण” थीम पर लाइव प्रसारण किया जाएगा। लाइव प्रसारण के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा, स्वावलम्बन तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में व्यापक स्तर पर जागरूकता प्रदान की जाएगी। विभाग द्वारा जनसामान्य से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर लाइव प्रसारण का लाभ उठाएं तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त करें। पी0एन0टी0 बैठकें आयोजित की जाएंगी इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी महोदय के निर्देशों के क्रम में दिनांक 17.09.2026 को विकास खण्ड भागलपुर, बरहज, लार, सलेमपुर एवं बनकटा में पी0एन0टी0 की बैठकें आयोजित की जानी हैं। इन बैठकों में महिला एवं बालिका सुरक्षा, संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सशक्तिकरण तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक चर्चा की जाएगी। महिला कल्याण विभाग द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा पात्र महिलाओं एवं बालिकाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।