बिजली के चपेट में आने से 17 वर्षीय छात्र की मौत

घघसरा गोरखपुर। बांसगांव संदेश। सहजनवां थाना क्षेत्र के पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा शाहपुर में गुरुवार को बिजली की चपेट में आने से 17 वर्षीय छात्र दिव्यांश पुत्र राजन की मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। दिव्यांश नगर पंचायत घघसरा स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र था। वह तीन भाइयों सुर्याश, हिमांशु में बड़ा था। बताया गया कि स्कूल से लौटने के बाद भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में पढ़ने चला गया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों को शक हुआ। आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर दिव्यांश फर्राटा पंखे की चपेट में आने से करंट की चपेट में मिला। पिता मुंबई में मजदूरी करने कार्य करते हैं। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठर्रापार लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सहजनवां थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा मय फोर्स घघसरा चौकी प्रभारी आदर्श कुमार पाण्डेय मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। परिजनों के अनुसार दिव्यांश पढ़ाई में बेहद होनहार था और सरल स्वभाव का होने के कारण सभी का प्रिय था। उसकी अचानक मौत से परिवार के साथ ही गांव और विद्यालय में भी शोक का माहौल है।