पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज सुल्तानपुर के छात्र पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज सुल्तानपुर के छात्र पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम पूरा, वापस लौटने पर हुआ भव्य स्वागत *विशाल तिवारी* पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, सुल्तानपुर के 40 विद्यार्थियों का दल, जो उत्तराखंड में आयोजित पांच दिवसीय शैक्षणिक एक्सपोजर विजिट पर गया था, आज सकुशल विद्यालय लौट आया। विद्यार्थियों के आगमन पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला। छात्रों का स्वागत जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह जी, उप जिलाधिकारी करम सिंह जी, सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव जी, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार तिवारी एवं समस्त शिक्षकगण द्वारा बड़ी गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ किया गया। उल्लेखनीय है कि 8 फरवरी को इस शैक्षणिक दल को जिले के प्रतिष्ठित राजनीतिक एवं समाजसेवी, विधान परिषद सदस्य माननीय शैलेंद्र प्रताप सिंह जी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। विद्यार्थियों ने उत्तराखंड स्थित भारतीय वन अनुसंधान संस्थान, देहरादून; भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की तथा पतंजलि विश्वविद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह यात्रा भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री की छात्र-केंद्रित एवं दूरदर्शी सोच को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक ज्ञान के साथ-साथ अन्य राज्यों की संस्कृति, इतिहास, भाषा, वैज्ञानिक उपलब्धियों और शैक्षणिक वातावरण से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था। पांच दिनों तक चले इस भ्रमण में छात्रों ने विभिन्न प्रयोगशालाओं, अनुसंधान केंद्रों एवं शैक्षणिक परिसरों का अवलोकन किया तथा विशेषज्ञों से संवाद कर नई जानकारियां प्राप्त कीं। विद्यालय लौटने पर अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों से उनके अनुभवों के बारे में विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह और आत्मविश्वास के साथ बताया कि यह यात्रा उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक रही। छात्रों का कहना था कि ऐसी शैक्षणिक यात्राएं हमें देश-दुनिया को समझने, ज्ञान-विज्ञान एवं नवाचार से परिचित होने तथा विविध संस्कृतियों को निकट से देखने का सशक्त माध्यम प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ जब व्यावहारिक अनुभव जुड़ते हैं, तब शिक्षा और अधिक प्रभावी एवं सार्थक बन जाती है। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह जी ने कहा कि अनुभवात्मक शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार है। उप जिलाधिकारी करम सिंह जी ने छात्रों के अनुशासन और जिज्ञासा की सराहना की। प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने मार्गदर्शी शिक्षकों श्री पंकज कुमार एवं श्री जयप्रकाश यादव के सफल नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह यात्रा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने इस शैक्षणिक भ्रमण को शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक और सराहनीय पहल बताया।