वन महोत्सव के तहत वृक्षारोपणः नगरपालिका अध्यक्ष ने किया शुभारम्भ

भलुअनी।बांसगांव सन्देश। देवरिया जिले के बरहज वन विभाग रेंज द्वारा बुधवार को काली मंदिर मोहाव परिसर में वन महोत्सव के अवसर पर वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे शुरू हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बरहज नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा श्रीमती श्वेता जायसवाल थीं। उन्होंने आम, नीम, पीपल, पाकड़ और बरगद सहित विभिन्न छायादार तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए उपयोगी पौधों का रोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर "आम बढ़ाओ, आम आपके द्वार" अभियान के तहत आम के पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने एवं पौधों के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का संचालन और समन्वय क्षेत्रीय वन अधिकारी, बरहज, श्री हरीश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में हुआ। इस दौरान वन दरोगा श्री राज सिंह, वन दरोगा श्री राजकुमार सिंह, वनरक्षक श्री गोविंद यादव और वनरक्षक श्री अयूब सहित बरहज रेंज के सभी वन कर्मी उपस्थित थे।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और स्थानीय लोगों ने भी सहभागिता की। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।