Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Prakash Pandey
Gorakhpurलगभग २ घंटे पहले

मलबे में जिंदगी की जंग: शौचालय की छत के नीचे फंसी बेटी को पुलिस ने दो घंटे में निकाला

मलबे में जिंदगी की जंग: शौचालय की छत के नीचे फंसी बेटी को पुलिस ने दो घंटे में निकाला

घघसरा/गोरखपुर। गोरखपुर के नगर पंचायत घघसरा क्षेत्र के जसुलीपार में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। शौचालय की दीवार तोड़ते समय छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे 19 वर्षीय संजना मलबे में दब गई। युवती के दोनों पैर छत के नीचे फंस गए और वह दर्द से चीखने लगी। परिजनों ने तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया और इसकी सूचना घघसरा पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत की, तब जाकर छत को हटाया जा सका और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि जसुलीपार निवासी राजकुमार प्रसाद को नगर पंचायत से आवास स्वीकृत हुआ है। नए आवास निर्माण के लिए पुराने शौचालय को हटाया जा रहा था। दीवार गिराने के बाद संजना मलबा साफ कर रही थी, तभी छत का एक हिस्सा अचानक लटककर गिर पड़ा। मलबे से निकालने के बाद पुलिस ने तत्काल एम्बुलेंस से उसे स्वास्थ्य केंद्र ठर्रापार पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

0 likes
0 comments0 shares